हमराही

सुस्वागतम ! अपना बहुमूल्य समय निकाल कर अपनी राय अवश्य रखें पक्ष में या विपक्ष में ,धन्यवाद !!!!

Tuesday, June 21, 2016

जो हम तुम मिले थे [ गजल ]


वो गुजरा जमाना जो हम तुम मिले थे 

है बीता फ़साना जो हम तुम मिले थे|

बदलना अँगूठी को इक दूसरे से 
वो दिन था सुहाना जो हम तुम मिले थे|


बिना तेरे सूने हैं दिन और रातें
न भूले जमाना जो हम तुम मिले थे|
वो करवे की थाली वो श्रृंगार सोलह
वो गजरा लगाना जो हम तुम मिले थे|

वो बिस्तर वो तकिया वो पायल है गुमसुम
सभी देते ताना जो हम तुम मिले थे |

जिये संग सरिता ने अनमोल लम्हे 
न आये भुलाना  जो हम तुम मिले थे|
.... 21 जून,2016.

Saturday, June 18, 2016

आरक्षण


आरक्षण का भूत फिर,लाया है भूचाल।
भूले सब इंसानियत, बुनते हैं नित जाल।। 


आरक्षण की रेवड़ी ,ले घूमें चहुँ ओर |
मौसेरे भाई सभी ,और सभी हैं चोर || 


भारत मेरा जल रहा , कैसा मचा बवाल।
नेता देखें वोट को ,जनता है बेहाल।।

आरक्षण के नाम से,बाँटो मत अब देश |
यहाँ बसें इंसान सब,लिए अलग परिवेश ||

आरक्षण दिव्यांग को,या दो किसी अनाथ।
जात धर्म को छोड़कर ,दो गरीब का साथ।।
*****



Saturday, June 4, 2016

पर्यावरण गीत

आओ मिलकर पेड़ लगायें 
धरती को हम स्वर्ग बनायें

हरियाली कर छाँव बढाकर
रंग बिरंगे पुष्प खिलाकर
इस बगिया को स्वच्छ बनायें
धरती को ...


सीता,शबनम,राम,सुनीता 
अफजल,पीटर,श्याम,अनीता
शेर सिंह को साथ बुलायें
धरती को ...

यह है तेरा ,वो है मेरा 
राग द्वेष ने डाला डेरा 
आओ मिल मतभेद मिटायें 
धरती को ...

जंगल जंगल आग लगाकर
प्रदूषन सब ओर फैलाकर
ग्लोबल वार्मिंग नहीं बढ़ायें 
धरती को ...

संग चलें सब नहीं अकेले
लगे रहें दुनिया के मेले 
एक एक सब पेड़ लगायें
धरती को ...

पर्यावरण को शुद्ध बनाकर
हरियाली चहुँ ओर बढ़ाकर
जीने लायक इसे बनायें
धरती को ...
5जून,2016

Saturday, May 7, 2016

मेरा आईना

अगर झूठ बोलूँ                              
शर्म से नजरें झुकाता है यह
अगर सच बोलूँ
शान से सर उठाता है यह
मिल जाये अगर प्यार
मन ही मन मुस्काता है यह
अगर रहूँ उदास
तो आँसू बहाता है यह
गज़ब का पहचानता है मुझे
मुझसे ज्यादा जानता है मुझे
हमेशा साथ निभाता है 
.
.
मेरा आईना

Thursday, March 31, 2016

भारत माता की जय बोलो

अपने मन की गिरहें खोलो

भारत माता की जय बोलो


मातृभूमि की शान बनो तुम

देखो ना हैवान बनो तुम 
बंद पड़े जो ताले खोलो
भारत माता ...


वीर शिवा सुभाष की धरती

भगत औ' अशफाक की धरती
जब भी बोलो पहले तोलो
भारत माता ...


एक धरा के हम रखवाले

संग रहो सारे घरवाले
इधर उधर मत तुम अब डोलो 
भारत माता ...


सुन ओबैसी सुन कन्हैया

भारत माँ तेरी भी मैया 
जहर फिज़ा में अब मत घोलो
भारत माता ...

Monday, March 28, 2016

धोनी ,विराट {दोहावली }


भारत की इस टीम केे,क्या कहने क्या ठाट।

सचिन विरासत दे गए,धोनी और विराट ।|

अपनी भारत टीम के,देख लिए अब ठाट।
सेमी फाईनल में गई, केवट बने विराट।|

अपनी भारत टीम के,देखेंगे तब ठाट।
फाईनल में हो इण्डिया, केवट बनें विराट|।

धोनी विराट संग हैं, यह जोड़ी बेजोड़ |
मिले बधाई आपको, दुआ करो कर जोड़ ||

कप्तानी धोनी करें ,दहाड़ रहे विराट |
कंगारू बिल में घुसे,देख शेर के ठाट ||



Friday, March 25, 2016

आओ खेलें होली

आओ खेलें होली ,आओ खेलें होली 
फिर से खेलें होली ,वही पुरानी होली


हर घर में फिर से गूँजेगी
इंकलाब की बोली 
आओ खेलें होली ,आओ...


रंग बसंती पहन के निकली 
है मस्तों की टोली 
आओ खेलें होली , आओ...


हरा केसरी श्वेत रंग ले 
तू भी आ हमझोली 
आओ खेलें होली , आओ...



दंभ,द्वेष औ अकड़ जलाकर 
प्यार  की भर लो झोली 
आओ खेलें होली , आओ...


जात पात और वैर भाव की 
उठने दो अब डोली 
आओ खेलें होली , आओ...


राजगुरु, सुखदेव, भगत की
याद करो अब बोली
आओ खेलें होली ,आओ खेलें होली
फिर से खेलें होली ,वही पुरानी होली 
..........सरिता यश भाटिया..........